एस.डी. न्यूज़ एजेंसी

SD NEWS AGENCY (SDNA) {A part of LVGC – Luniya Vinayak Group of Compnies)

एस.डी. न्यूज़ एजेंसी

SD NEWS AGENCY (SDNA) {A part of LVGC – Luniya Vinayak Group of Compnies)

Central Zone STATESMadhya Pradesh

भाजपा जिला कार्यालय में संविधान गौरव दिवस पर बाबा साहेब को किया नमन, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प

वक्ताओं ने संविधान को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण की मजबूत नींव बताया; डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों एवं पंच तीर्थ के महत्व पर हुई चर्चा

(SDNA) विशेष समाचार

शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में बुधवार को संविधान गौरव दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भारत माता, भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा भाजपा के पितृपुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने संविधान की महत्ता, बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

समारोह में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता धैर्यवर्धन शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा अमित यादव, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, पूर्व विधायक ओमप्रकाश खटीक, जनपद अध्यक्ष हेमलता रघुवीर रावत, हरवीर रघुवंशी, विजय शर्मा, नवाब सिंह एवं गोपाल सिंह पाल सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन रहे।

📢 SD News Agency से जुड़ें और पाएं हर खबर का अपडेट अपने मोबाइल पर!

देश-दुनिया, राजनीति, समाज, व्यापार, प्रदेश और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने मोबाइल WhatsApp पर प्राप्त करते रहें।

📰 SD News Agency के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और ग्रुप से जुड़ जाएं।

👉 WhatsApp Group से जुड़ने के लिए क्लिक करें:
SD News Agency WhatsApp Group से जुड़ें

SD News Agency — खबर वही, जो आपके लिए जरूरी है।

संविधान की मर्यादा और लोकतांत्रिक व्यवस्था सर्वोपरि

मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश प्रवक्ता धैर्यवर्धन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को एक सूत्र में बांधने की सबसे बड़ी शक्ति हमारा संविधान है। संवैधानिक व्यवस्था के अंतर्गत कार्य करने वाली सरकार के निर्णयों को चुनौती देने के लिए न्यायालय और लोकतांत्रिक चुनाव जैसे वैधानिक माध्यम उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि देश में भीड़तंत्र की अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती संविधान के प्रति सम्मान और कानून के शासन से ही सुनिश्चित होती है।

बाबा साहेब के पंच तीर्थ का किया स्मरण

पूर्व विधायक ओमप्रकाश खटीक ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन और उनसे जुड़े पंच तीर्थों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक भेदभाव समाप्त करने, वंचित एवं शोषित वर्गों को अधिकार दिलाने तथा समानता पर आधारित समाज की स्थापना के लिए समर्पित किया। संविधान के माध्यम से उन्होंने प्रत्येक नागरिक को सम्मान और अधिकारों के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।

संवैधानिक अधिकारों से मजबूत हुई महिलाओं की भागीदारी

जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा अमित यादव ने कहा कि भारतीय संविधान ने महिलाओं को समान अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी का अवसर दिया है। आज पंचायतों से लेकर संसद तक महिलाओं की बढ़ती भूमिका इसी संवैधानिक सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार महिलाओं को अपनी पसंद व्यक्त करने के साथ देश और समाज की निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनने की ताकत देता है।

एक संविधान, एक राष्ट्र की भावना पर दिया जोर

धैर्यवर्धन शर्मा ने कहा कि संसद से पारित होकर कानून का रूप लेने वाले विधेयक देशभर में लागू होते हैं। यही भारतीय संविधान की व्यापकता और उसकी संवैधानिक शक्ति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर सहित पूरे देश में एक निशान और एक विधान की व्यवस्था राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करती है। तिरंगे का गौरव और संविधान की सर्वोच्चता भारत की एकजुट पहचान के प्रतीक हैं।

कार्यक्रम में भाजपा जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने संविधान की प्रस्तावना में वर्णित आदर्शों को अपने आचरण में अपनाने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।

 
 
 

Leave a Reply