एस.डी. न्यूज़ एजेंसी

SD NEWS AGENCY (SDNA) {A part of LVGC – Luniya Vinayak Group of Compnies)

एस.डी. न्यूज़ एजेंसी

SD NEWS AGENCY (SDNA) {A part of LVGC – Luniya Vinayak Group of Compnies)

Central Zone STATESMadhya Pradesh

छठमय हुआ इंदौर: 150 से अधिक घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सूर्यदेव को अर्घ्य देकर मांगी सुख-समृद्धि

मालवा की धरती पर दिखी बिहार और पूर्वांचल की लोक संस्कृति की झलक; शारदा सिन्हा के अमर गीतों से गूंजे छठ घाट, ठेकुआ और फलों से सजी बांस की टोकरियों के साथ उमड़ा आस्था का उत्सव

(SDNA) विशेष समाचार

इंदौर। मालवा की सांस्कृतिक धरती पर रविवार को बिहार और पूर्वांचल की परंपराओं का अनूठा रंग देखने को मिला। चारों ओर छठी मैया के गीत, सूर्य आराधना में लीन व्रती, प्रसाद से सजी बांस की टोकरियां और श्रद्धा से भरे श्रद्धालुओं के चेहरे…। छठ महापर्व के अवसर पर पूरा इंदौर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए शहर के 150 से अधिक छठ घाटों पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे। पारंपरिक छठ गीतों के साथ स्वर्गीय लोकगायिका शारदा सिन्हा की लोकप्रिय प्रस्तुतियों ने वातावरण को भावनाओं और भक्ति से सराबोर कर दिया।

दोपहर बाद से ही शहर के अलग-अलग घाटों पर व्रतियों और उनके परिजनों की आवाजाही शुरू हो गई थी। सिर पर बांस की बहंगी और पूजा की टोकरी लिए श्रद्धालु घाटों की ओर बढ़ रहे थे। इन टोकरियों में ठेकुआ, नारियल, केला, गन्ना, मौसमी फल और पूजन सामग्री सलीके से सजाई गई थी। पारंपरिक परिधानों में पहुंचीं महिलाएं, माथे पर सिंदूर और हाथों में पूजा की सामग्री लिए छठी मैया के गीत गाती दिखाई दीं।

📢 SD News Agency से जुड़ें और पाएं हर खबर का अपडेट अपने मोबाइल पर!

देश-दुनिया, राजनीति, समाज, व्यापार, प्रदेश और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने मोबाइल WhatsApp पर प्राप्त करते रहें।

📰 SD News Agency के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और ग्रुप से जुड़ जाएं।

👉 WhatsApp Group से जुड़ने के लिए क्लिक करें:
SD News Agency WhatsApp Group से जुड़ें

SD News Agency — खबर वही, जो आपके लिए जरूरी है।

शाम चार बजे के बाद जलकुंडों में व्रतियों के उतरने का क्रम शुरू हुआ। सूर्यास्त से पहले ही घाटों पर श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। जल में जलते दीपों की रोशनी, फूलों और फलों से सजी बांस की टोकरियां तथा सामूहिक पूजा के दृश्य ने छठ की पारंपरिक छटा बिखेर दी। ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ और ‘उगे हे सूरज देव’ जैसे लोकगीतों के बीच बच्चों की चहल-पहल और परिवारों की सहभागिता ने आयोजन को उत्सवमय बना दिया।

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर की मंगलकामना

सूर्यास्त का समय नजदीक आते ही घाटों पर श्रद्धा और उत्साह अपने चरम पर पहुंच गया। व्रती महिलाएं और पुरुष जलकुंडों में कमर तक पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर के दर्शन की प्रतीक्षा करते रहे। सूर्य की अंतिम किरणों के साथ परिजनों ने उन्हें फल और प्रसाद से भरी बांस की टोकरियां सौंपीं। इसके बाद जल और दूध से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया गया।

व्रतियों ने भगवान सूर्य और छठी मैया से संतान की लंबी आयु, परिवार की खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। साथ ही समाज और राष्ट्र के कल्याण की कामना भी की। घाटों पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने भी हाथ जोड़कर इस सामूहिक आराधना में भाग लिया।

डूबते सूर्य की लालिमा के बीच जल में झिलमिलाते दीप, प्रसाद से सजी टोकरियां और पारंपरिक गीतों की मधुर गूंज ने ऐसा दृश्य रचा, जिसने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

स्थानीय परिवारों में भी बढ़ रहा छठ पर्व का उत्साह

पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान के अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह और महासचिव के.के. झा ने बताया कि इंदौर में छठ महापर्व के प्रति लोगों की आस्था और सहभागिता निरंतर बढ़ रही है। बिहार एवं पूर्वांचल से जुड़े परिवारों के साथ अब मालवा के स्थानीय परिवार भी पूरे उत्साह के साथ इस पर्व में शामिल हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि छठ पर्व सूर्योपासना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति आभार, पारिवारिक संस्कार, अनुशासन, सामाजिक समरसता और लोक परंपराओं के संरक्षण का प्रतीक है। शहर में 150 से अधिक स्थानों पर आयोजन होना इस बात का प्रमाण है कि इंदौर की सांस्कृतिक पहचान में विभिन्न क्षेत्रों की परंपराओं को सम्मान और स्थान मिल रहा है।

शहर के प्रमुख घाटों पर रही विशेष चहल-पहल

इंदौर में छठ पूजा के प्रमुख आयोजन स्कीम नंबर 54, अनुपम नगर, स्कीम नंबर 78, तुलसी नगर, समर पार्क, पिपलियापाला तालाब, बाणगंगा कुंड, पिपलियाहाना तालाब, टिगरिया बादशाह तालाब, सूर्य मंदिर (कैट रोड), सुखलिया, देवास नाका, मेघदूत नगर, शंखेश्वर सिटी, सिलिकॉन सिटी, एरोड्रम रोड, ड्रीम सिटी, शिप्रा और वक्रतुण्ड नगर सहित अनेक क्षेत्रों में हुए।

कई स्थानों पर स्थानीय समितियों और सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोशनी, स्वच्छता, पेयजल और सुरक्षा के इंतजाम किए। कुछ घाटों पर भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। पारंपरिक गीतों और भजनों की प्रस्तुतियों से देर रात तक छठमय माहौल बना रहा। जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी विभिन्न घाटों पर पहुंचकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया तथा व्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा चार दिवसीय पर्व का समापन

छठ महापर्व का अंतिम अनुष्ठान सोमवार सुबह संपन्न होगा। व्रती तड़के ही घाटों पर पहुंचकर जलकुंडों में खड़े होंगे और उगते सूर्य की प्रतीक्षा करेंगे। सूर्योदय के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय पर्व की पूजा पूर्ण की जाएगी।

इसके बाद व्रती 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण करेंगे। ठेकुआ, केला और अन्य फलों का प्रसाद परिवारजनों एवं श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।

सूर्य की उपासना, प्रकृति के सम्मान, तपस्या, त्याग और पारिवारिक मंगलकामना से जुड़ा छठ महापर्व एक बार फिर इंदौर में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक सौहार्द का संदेश दे रहा है। मालवा की धरती पर बिहार और पूर्वांचल की इस जीवंत लोक परंपरा ने शहर की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध किया।

SDNA – Sachcha Dost News Agency
सच्चाई के साथ, समाज की आवाज़