इंदौर में इंफोसिस के नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक का शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया एसडीबी-2 का उद्घाटन

3.30 लाख वर्गफीट में विकसित नए ब्लॉक से मध्य भारत में तकनीकी क्षमताओं और रोजगार के अवसरों को मिलेगा विस्तार

इंदौर, 16 सितंबर 2026 | (सद्वार्ता)

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इंदौर के सुपर कॉरिडोर स्थित इंफोसिस परिसर में नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक (एसडीबी-2) का शुभारंभ किया। इंफोसिस द्वारा 3 लाख 30 हजार वर्गफीट क्षेत्र में विकसित किए गए इस नए ब्लॉक से मध्य भारत में कंपनी की तकनीकी क्षमताओं और प्रतिभा पारिस्थितिकी तंत्र को विस्तार मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मजबूत प्रतिभा आधार और तेजी से विकसित हो रहे इनोवेशन इकोसिस्टम के सहयोग से इंदौर एक महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी हब के रूप में उभर रहा है। इंफोसिस का निवेश प्रदेश के कुशल युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के साथ ही मध्यप्रदेश के तकनीकी क्षेत्र को और मजबूत करेगा।

उन्होंने राज्य के प्रति इंफोसिस की नई प्रतिबद्धता का स्वागत करते हुए तकनीक आधारित और समावेशी आर्थिक विकास में योगदान की उम्मीद व्यक्त की।

इंदौर को बताया आर्थिक समृद्धि और तकनीक की राजधानी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर अपनी विशिष्ट पहचान और कार्यशैली के लिए जाना जाता है। आज यह आर्थिक समृद्धि और टेक कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इंदौर में आईआईएम, आईआईटी और आईटी पार्क जैसे संस्थान मौजूद हैं तथा अब इसकी गिनती पुणे, नोएडा और बेंगलुरु जैसे प्रमुख आईटी शहरों में की जा रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने यूपीआई लेन-देन, पर्यावरण संरक्षण और विश्व बंधुत्व की भावना का भी उल्लेख किया।

एआई, क्लाउड और साइबर सिक्योरिटी में बढ़ेंगी क्षमताएं

इंफोसिस के मुख्य वित्तीय अधिकारी जयेश संघराजका ने कहा कि इंदौर में कंपनी की मौजूदगी का विस्तार टैलेंट, इनोवेशन और डिजिटल क्षमताओं में निरंतर निवेश को दर्शाता है। इससे क्षेत्र के प्रतिभा पूल का लाभ उठाने के साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड और डिजिटल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में क्षमताओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह विस्तार मध्यप्रदेश के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को मजबूत करेगा और उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार के अवसर सृजित करने में योगदान देगा।

इंफोसिस इंदौर में वर्तमान में 3,300 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। ये कर्मचारी बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा (बीएफएसआई), रिटेल, लाइफ साइंसेज और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र के वैश्विक ग्राहकों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

नए विस्तार से क्लाउड, एप्लीकेशन डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग तथा साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में कंपनी की क्षमताओं को और मजबूती मिलने की संभावना है।

शैक्षणिक संस्थानों के साथ साझेदारी पर जोर

कंपनी मध्यप्रदेश के शैक्षणिक और तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र के साथ अपने जुड़ाव को और मजबूत करने की योजना बना रही है। इसके अंतर्गत स्किलिंग कार्यक्रमों और संस्थागत साझेदारियों के माध्यम से आईआईटी इंदौर, आईआईएम इंदौर और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख संस्थानों के साथ सहभागिता शामिल है।

इस विस्तार से मध्य भारत के प्रतिभाशाली युवाओं को इंफोसिस से जोड़ने और कौशल विकास के अवसर बढ़ाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।

पर्यावरण-अनुकूल सुविधाओं से सुसज्जित है नया भवन

नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक को इंफोसिस की ईएसजी प्रतिबद्धताओं और ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। भवन में ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं शामिल की गई हैं।

इनमें कम ऊर्जा खपत वाली कूलिंग व्यवस्था, स्मार्ट बिल्डिंग ऑटोमेशन, वर्षाजल संचयन और अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। इसके अलावा, फ्लेक्सिबल वर्क स्टेशन, प्रशिक्षण केंद्र और वेलनेस सेंटर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

अधिकारी एवं आईटी प्रोफेशनल्स रहे उपस्थित

कार्यक्रम में देपालपुर विधायक मनोज पटेल, कलेक्टर शिवम वर्मा, इंफोसिस के मुख्य वित्तीय अधिकारी जयेश संघराजका, कार्यकारी उपाध्यक्ष सुनील कुमार धारेश्वर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीलाद्री प्रसाद मिश्रा सहित मध्यप्रदेश शासन और इंफोसिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर इंफोसिस के आधुनिक परिसर पर आधारित वृत्तचित्र प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आईटी प्रोफेशनल्स भी उपस्थित रहे।