Friday, October 30

नवरात्रि पर लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात, 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹1,834 करोड़ से अधिक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उमरिया में जारी की योजना की 41वीं किश्त, गैस सिलेंडर रीफिल के लिए भी ₹115 करोड़ अंतरित; 144 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

(SDNA) उमरिया/जबलपुर। मध्यप्रदेश सरकार ने नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेश की लाड़ली बहनों को आर्थिक सहायता की सौगात दी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उमरिया जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम गुरुवाही में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 41वीं किश्त जारी की। इसके तहत करीब 1 करोड़ 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में ₹1,834 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और लाड़ली बहनों को गैस सिलेंडर रीफिल अनुदान के लिए ₹115 करोड़ भी हस्तांतरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘सच्चा वादा-पक्का काम’ के संकल्प के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। महिलाओं को अब हर महीने ₹1,500 की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की शुरुआत से अब तक 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं तक पहुंचाई जा चुकी है।

महिला सशक्तिकरण के लिए ₹47 हजार करोड़ का बजट

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला कल्याण के लिए राज्य सरकार ने ₹47 हजार करोड़ का बजट प्रावधान किया है। प्रदेश में 65 लाख महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इनमें लगभग 25 प्रतिशत लखपति दीदियां हैं। रोजगार आधारित उद्योगों में कार्य करने वाली महिलाओं को अतिरिक्त ₹5,000 की सहायता देने की व्यवस्था भी की गई है।

📢 SD News Agency से जुड़ें और पाएं हर खबर का अपडेट अपने मोबाइल पर!

देश-दुनिया, राजनीति, समाज, व्यापार, प्रदेश और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने मोबाइल WhatsApp पर प्राप्त करते रहें।

📰 SD News Agency के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और ग्रुप से जुड़ जाएं।

👉 WhatsApp Group से जुड़ने के लिए क्लिक करें:
SD News Agency WhatsApp Group से जुड़ें

SD News Agency — खबर वही, जो आपके लिए जरूरी है।

उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर रीफिल अनुदान के तहत 23 लाख से अधिक महिलाओं को ₹115 करोड़ से ज्यादा की राशि दी गई है। पिछले तीन वर्षों में इस मद में लगभग ₹1,600 करोड़ की सहायता प्रदान की जा चुकी है।

उमरिया को 136 विकास कार्यों की सौगात

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने उमरिया जिले में ₹144 करोड़ से अधिक लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें करीब ₹87 करोड़ की लागत के 68 कार्यों का लोकार्पण और लगभग ₹57 करोड़ के 68 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

मुख्यमंत्री ने उमरिया में सांदीपनि विद्यालय स्थापित करने, मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनाने और उसे सिविल अस्पताल का दर्जा देने की घोषणा की। इसके अलावा अमरपुर को तहसील के रूप में विकसित करने, पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय संस्थाओं को रियायती दर पर भूमि उपलब्ध कराने की बात कही।

उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए गौपालन को प्रोत्साहित करने, जनजातीय क्षेत्रों में होमस्टे विकसित करने तथा शिक्षा, परिवहन और ग्रामीण विकास सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया।

महिलाओं को आजीविका और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आजीविका एक्सप्रेस की चाबियां सौंपीं। इस वाहन से उन क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी, जहां आजीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को परिवहन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पाली विकासखंड के सेवा महिला संघ चौरी सेक्टर में ₹8.50 लाख की लागत से वाहन खरीदा गया है। वाहन संचालन के लिए महिला चालक को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने 10 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना, स्व-सहायता समूह क्रेडिट लिंकेज, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना और डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के हितग्राहियों को लाभ प्रदान किए।

2026-27 में योजना के लिए ₹23,882 करोड़ का प्रावधान

जून 2023 में शुरू हुई लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत अब तक 41 किश्तें जारी की जा चुकी हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर चार बार ₹250-₹250 की अतिरिक्त सहायता भी दी गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना में ₹23,882.81 करोड़ का बजट प्रावधान रखा गया है।

कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं उमरिया जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, शहडोल सांसद हिमाद्रि सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक मीना सिंह, बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर आज होगा ‘नारी नेतृत्व-सशक्त पंचायत’ कॉन्क्लेव

जबलपुर की 379 निर्वाचित महिला पंचायत प्रतिनिधियां लेंगी हिस्सा, महिला नेतृत्व, पंचायतों की आय और ग्रामीण पेयजल प्रबंधन पर होगा मंथन

(SDNA) जबलपुर। अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस के अवसर पर 15 अक्टूबर को जबलपुर में ‘नारी नेतृत्व-सशक्त पंचायत’ थीम पर ग्रामीण पंचायती राज महिला नेतृत्व कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। जिला पंचायत द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम होटल रॉयल आर्बिट में सुबह 11 बजे शुरू होगा।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गेहलोत के अनुसार, कॉन्क्लेव में जिले की 379 निर्वाचित महिला पंचायत प्रतिनिधियां शामिल होंगी। इनमें जिला पंचायत अध्यक्ष, आठ जिला पंचायत सदस्य, पांच जनपद पंचायत अध्यक्ष, दो जनपद उपाध्यक्ष, 81 जनपद सदस्य और 282 ग्राम पंचायतों की सरपंच शामिल हैं।

कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह और राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मिक विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लेंगी।

पंचायतों में महिलाओं की भूमिका पर होगी चर्चा

कॉन्क्लेव में पंचायती राज व्यवस्था में महिला नेतृत्व, ग्राम पंचायतों के स्वयं के आय स्रोत, कर संग्रहण और ग्रामीण पेयजल प्रबंधन जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।

राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मिक महिला नेतृत्व के महत्व पर अपने विचार रखेंगी। ‘प्रदान’ संस्था के विशेषज्ञ सहभागिता, स्थानीय गतिविधियों और जल संबंधी चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।

राज्य मंत्री राधा सिंह पंचायतों में कर संग्रहण बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका पर मार्गदर्शन देंगी। इस दौरान कर सुधार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली दो महिला सरपंच अपने अनुभव साझा करेंगी।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके ग्रामीण पेयजल व्यवस्था में महिला नेतृत्व की भूमिका पर विचार रखेंगी। जल कर वसूली में बेहतर प्रदर्शन करने वाली दो सरपंच भी अपने अनुभव बताएंगी।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण शासन व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करना, पंचायतों की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाना और पेयजल प्रबंधन में महिला प्रतिनिधियों की भूमिका को प्रभावी बनाना है।


नवरात्रि, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा की तैयारियों पर आज शांति समिति की बैठक

(SDNA) जबलपुर। आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जबलपुर में 15 अक्टूबर को जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक दोपहर 3:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के सभाकक्ष में होगी। इसमें नवरात्रि, दुर्गा उत्सव, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान आवश्यक प्रबंधों पर चर्चा की जाएगी।