
इंदौर, 26 सितंबर 2026। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था की जांच को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बस स्टैंड के आसपास स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कई जगह आवश्यक दस्तावेज और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध नहीं मिलीं। विभागीय टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से कुल 8 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के आयुक्त एवं नियंत्रक के निर्देशन तथा कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
भारतीय भोजनालय में दस्तावेज नहीं मिले
साउथ तुकोगंज स्थित भारतीय भोजनालय का निरीक्षण प्रभारी मयंक पांडे की मौजूदगी में किया गया। जांच के दौरान खाद्य कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र, खाद्य परीक्षण रिपोर्ट और पानी की जांच रिपोर्ट मौके पर उपलब्ध नहीं मिली। विभाग द्वारा प्रतिष्ठान को इन कमियों को दूर करने के लिए सुधार सूचना नोटिस जारी किया जा रहा है।
📢 SD News Agency से जुड़ें और पाएं हर खबर का अपडेट अपने मोबाइल पर!
देश-दुनिया, राजनीति, समाज, व्यापार, प्रदेश और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने मोबाइल WhatsApp पर प्राप्त करते रहें।
📰 SD News Agency के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और ग्रुप से जुड़ जाएं।
👉 WhatsApp Group से जुड़ने के लिए क्लिक करें:
SD News Agency WhatsApp Group से जुड़ें
SD News Agency — खबर वही, जो आपके लिए जरूरी है।
साईं प्रसाद डाइनिंग हॉल में भी मिली कमियां
रानी सराय, साउथ तुकोगंज स्थित साईं प्रसाद डाइनिंग हॉल रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान मेडिकल प्रमाण-पत्र, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र, खाद्य परीक्षण रिपोर्ट और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। इसके अलावा कच्चे खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव की व्यवस्था तथा खाद्य सुपरवाइजर प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र भी मौके पर नहीं पाए गए।
विभागीय टीम ने श्री मयंक उपाध्याय की मौजूदगी में मिर्ची पाउडर और हल्दी पाउडर के दो नमूने लिए। दोनों नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
नीलकंठ भोजनालय में अखबार पर रखी मिली रोटी
रानी सराय स्थित नीलकंठ भोजनालय का निरीक्षण भी किया गया। यहां कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान रोटी समाचार-पत्र पर रखी हुई पाई गई। विभाग ने संबंधित कमियों को लेकर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की है।
श्री आनंद रावल की उपस्थिति में टीम ने पनीर और चावल के दो नमूने भी संग्रहित किए। इन्हें गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
जेके ट्रेडर्स से चार खाद्य नमूने लिए
सिंधी कॉलोनी स्थित जेके ट्रेडर्स कंपनी का भी निरीक्षण किया गया। यहां से सोयाबीन तेल, तिल का तेल, मूंग दाल और तुअर दाल के चार नमूने लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार सभी 8 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
(SDNA)



