
टीएल बैठक में विभागवार समीक्षा; क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, छात्रावासों के निरीक्षण और अवैध होर्डिंग हटाने पर भी जोर
इंदौर, 28 सितंबर 2026। आम नागरिकों की शिकायतों के निराकरण को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के मामलों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पांच प्रकरणों की रेंडम समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से शिकायतों की वर्तमान स्थिति, अब तक की कार्रवाई और निराकरण के संबंध में जानकारी ली।
बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाडे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, अपर आयुक्त नगर निगम आकाश सिंह, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
📢 SD News Agency से जुड़ें और पाएं हर खबर का अपडेट अपने मोबाइल पर!
देश-दुनिया, राजनीति, समाज, व्यापार, प्रदेश और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने मोबाइल WhatsApp पर प्राप्त करते रहें।
📰 SD News Agency के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और ग्रुप से जुड़ जाएं।
👉 WhatsApp Group से जुड़ने के लिए क्लिक करें:
SD News Agency WhatsApp Group से जुड़ें
SD News Agency — खबर वही, जो आपके लिए जरूरी है।
बारिश थमते ही सड़कों की मरम्मत में तेजी
कलेक्टर ने कहा कि बारिश का दौर अब लगभग समाप्त हो रहा है। ऐसे में क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की मरम्मत का काम प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों और नगरीय निकायों को मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
छात्रावासों में सुविधाओं की होगी जांच
जिले में संचालित छात्रावासों के नियमित निरीक्षण पर भी बैठक में जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि छात्रावासों में विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, सुरक्षा और पेयजल व्यवस्था की नियमित जांच की जाए। निरीक्षण के दौरान कमियां सामने आने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बेसमेंट का इस्तेमाल पार्किंग के लिए ही हो
कलेक्टर ने भवनों में बेसमेंट पार्किंग की व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन भवनों में बेसमेंट पार्किंग के लिए निर्धारित है, वहां उसका उपयोग उसी उद्देश्य के लिए किया जाए। पार्किंग स्थल पर अन्य अनधिकृत गतिविधियां संचालित पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
डीजे प्रतिबंध के पालन पर निगरानी
बैठक में डीजे पर लागू प्रतिबंध के पालन को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। सभी एसडीएम और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित दिशा-निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
अवैध होर्डिंग पर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश
शहर और जिले में अवैध होर्डिंग तथा अनधिकृत विज्ञापन सामग्री के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने को कहा गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख सड़कों और मार्गों पर लगे अवैध होर्डिंग चिन्हित कर हटाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शासन की प्राथमिकताओं वाले काम समय पर पूरे हों
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों से कहा कि टीएल में दर्ज मामलों को केवल औपचारिकता के तौर पर न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण के समाधान के लिए गंभीरता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली का सीधा असर आम नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं पर पड़ता है। इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का प्रभावी और जवाबदेह तरीके से निर्वहन सुनिश्चित करें।



