Saturday, October 10

आंगनवाड़ी केंद्रों में पहुंचकर जनप्रतिनिधियों ने जाना बच्चों-महिलाओं का हाल

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान

इंदौर, 28 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को इंदौर जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने आंगनवाड़ी केंद्रों का दौरा कर बच्चों और महिलाओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रमों के दौरान पौधारोपण, सरस्वती पूजन, फल-मिठाई वितरण के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।

इन आयोजनों का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों से मिलने वाली सेवाओं को जनभागीदारी से जोड़ना और महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा। जनप्रतिनिधियों ने केंद्रों की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा बच्चों के पोषण और महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर संवाद किया।

लसूडिया मोरी में मंत्री सिलावट ने किया संवाद

वार्ड क्रमांक 35, लसूडिया मोरी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र के हितग्राहियों से बातचीत कर केंद्र के माध्यम से संचालित सेवाओं की जानकारी ली और विभिन्न हितग्राहियों का सम्मान किया।

📢 SD News Agency से जुड़ें और पाएं हर खबर का अपडेट अपने मोबाइल पर!

देश-दुनिया, राजनीति, समाज, व्यापार, प्रदेश और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने मोबाइल WhatsApp पर प्राप्त करते रहें।

📰 SD News Agency के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और ग्रुप से जुड़ जाएं।

👉 WhatsApp Group से जुड़ने के लिए क्लिक करें:
SD News Agency WhatsApp Group से जुड़ें

SD News Agency — खबर वही, जो आपके लिए जरूरी है।

दुबे का बगीचा में योजनाओं की जानकारी

वार्ड क्रमांक 18 के दुबे का बगीचा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विधायक महेंद्र हार्डिया और पार्षद नंदकिशोर पहाड़िया की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां महिलाओं और अन्य हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं ने योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए।

गौरी नगर में पौधारोपण और सरस्वती पूजन

गौरी नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विधायक रमेश मेंदोला की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ। विधायक ने पौधारोपण और सरस्वती पूजन किया। इसके बाद आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली तथा महिलाओं से बातचीत कर उपलब्ध योजनाओं और सेवाओं के बारे में बताया। इस दौरान हितग्राही महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए।

बजरंग नगर में कार्यकर्ताओं का सम्मान

परियोजना शहरी क्रमांक-4 के सेक्टर मिल क्षेत्र के बजरंग नगर, वार्ड क्रमांक 27 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में भी विधायक रमेश मेंदोला की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां पौधारोपण के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रश्मि, सहायिका मंजू मेहरा तथा आशा कार्यकर्ता हेमलता वर्मा, चांदनी रूटियां और मोना कुमावत का सम्मान कर उपहार प्रदान किए गए। बच्चों और महिलाओं को फल एवं मिठाई वितरित की गई।

कार्यक्रम में सुधीर, दीपा श्रीवास्तव, मनीष जैन, मनोज बांगर, हेमलता यादव, जीतू कुशवाहा, लक्ष्मी सोलंकी, लीना मेश्राम, भारती तायडे सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे।

महू के जामली में भी हुआ आयोजन

महू ग्रामीण परियोजना के जामली स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विधायक उषा ठाकुर और जनपद अध्यक्ष सरदार मालवीय की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पौधारोपण के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। बच्चों को फल भी वितरित किए गए।

भागीरथपुरा में जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

इंदौर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 11 स्थित भागीरथपुरा आंगनवाड़ी केंद्र में भी पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रमों के जरिए आंगनवाड़ी केंद्रों की सेवाओं, बच्चों के पोषण और महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।