
अभिनव कला समाज में होगा ‘क्रांतिवीर शहीद सआदत खाँ मेवाती गौरव सम्मान-2026’; समाज, शिक्षा, इतिहास, सेवा, कला और मानवाधिकार क्षेत्र की प्रतिभाएं होंगी सम्मानित
इंदौर। (SDNA) वर्ष 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में इंदौर-महू क्षेत्र से अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले क्रांतिवीर शहीद सआदत खाँ मेवाती की शहादत की स्मृति में 1 अक्टूबर को ‘क्रांतिवीर शहीद सआदत खाँ मेवाती गौरव सम्मान समारोह-2026’ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 5 से 8 बजे तक अभिनव कला समाज, गांधी हॉल परिसर में होगा। आयोजन MEO एजुकेशनल वेलफेयर अवेयरनेस ट्रस्ट, इंदौर द्वारा किया जा रहा है।
आयोजकों शमसुद्दीन चिश्ती, एडवोकेट शारिब खान और अब्दुल हफीज बनारसी ने बताया कि समारोह का उद्देश्य शहीद सआदत खाँ मेवाती के बलिदान को स्मरण करने के साथ नई पीढ़ी को इतिहास, संघर्ष और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना है।
संघर्ष और शहादत की स्मृति
आयोजकों के अनुसार 1857 की क्रांति के दौर में सआदत खाँ मेवाती ने इंदौर-महू क्षेत्र में अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष में भूमिका निभाई थी। संघर्ष के बाद अंग्रेजी शासन ने उन्हें गिरफ्तार किया और 1 अक्टूबर 1874 को इंदौर में फांसी दी गई। उनकी शहादत की स्मृति में प्रतिवर्ष 1 अक्टूबर को उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया जाता है।
📢 SD News Agency से जुड़ें और पाएं हर खबर का अपडेट अपने मोबाइल पर!
देश-दुनिया, राजनीति, समाज, व्यापार, प्रदेश और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने मोबाइल WhatsApp पर प्राप्त करते रहें।
📰 SD News Agency के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और ग्रुप से जुड़ जाएं।
👉 WhatsApp Group से जुड़ने के लिए क्लिक करें:
SD News Agency WhatsApp Group से जुड़ें
SD News Agency — खबर वही, जो आपके लिए जरूरी है।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का होगा सम्मान
समारोह में समाज, शिक्षा, इतिहास, प्रशासन, सामाजिक सेवा, मानवाधिकार और कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को ‘क्रांतिवीर शहीद सआदत खाँ मेवाती गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं पूर्व सचिव सत्यनारायण पटेल, शोएब अख्तर आईईएस, मेवात तथा सेवानिवृत्त आरएएस शौकत अली प्रमुख अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मेवात क्षेत्र से सम्मानित होने वाली प्रमुख हस्तियों में प्रख्यात इतिहासकार एवं 15 पुस्तकों के लेखक डॉ. सिद्दीक अहमद (सेवानिवृत्त जेई), AMIED के सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता नूर अहमद, इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़े तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम से सम्मानित नेहरू खान, हास्य कलाकार अख्तर हिंदुस्तानी, मानवाधिकार कार्यकर्ता एवं महिला समाज सुधारक सबा खान, छोटी मेवात देवास के हाजी हबीब खान, शमशेर खान मेव तथा ब्लड एंबेसडर जगप्रीत सिंह टुटेजा शामिल हैं।
बलिदान से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का संदेश
आयोजकों ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी केवल इतिहास की पुस्तकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर समाज में शिक्षा, एकता, सेवा, भाईचारे और सकारात्मक सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सार्थक श्रद्धांजलि है।
MEO एजुकेशनल वेलफेयर अवेयरनेस ट्रस्ट ने युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, मेवाती समाज सहित सभी वर्गों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
‘शहीद की शहादत को सलाम, इतिहास का सम्मान—नई पीढ़ी के नाम।’



