
78 वर्षीय व्यक्ति की 2022 में कैंसर से हुई थी मौत; पुलिस ने शव बरामद कर परिजनों और सेंटर संचालक से शुरू की पूछताछ
मुंबई, 29 सितंबर। (SDNA) मुंबई के मालाड के कुरार विलेज इलाके में एक डे केयर सेंटर के फ्रीजर से करीब चार साल तीन महीने 20 दिन पुराना शव मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र 78 वर्ष थी और उनकी मृत्यु 9 जून 2022 को कैंसर के कारण हुई थी। कथित तौर पर मृत्यु के बाद शव को फ्रीजर में संरक्षित कर रखा गया था।
पुलिस को मामले की जानकारी सोमवार शाम उस समय मिली, जब सेंटर से तेज दुर्गंध आने की शिकायत सामने आई। मौके पर पहुंची कुरार पुलिस ने सेंटर की तलाशी ली। जांच के दौरान एक फ्रीजर से बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बेटा मुंबई में, बेटी अमेरिका में रहती है
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। बेटा मुंबई में रहता है, जबकि बेटी अमेरिका में रहती है। बताया जा रहा है कि बेटी अपने पिता से बेहद भावनात्मक रूप से जुड़ी थी और पुनर्जन्म की मान्यता में विश्वास रखती थी। इसी विश्वास के चलते कथित तौर पर भाई-बहन ने शव को संरक्षित रखने का निर्णय लिया।
📢 SD News Agency से जुड़ें और पाएं हर खबर का अपडेट अपने मोबाइल पर!
देश-दुनिया, राजनीति, समाज, व्यापार, प्रदेश और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने मोबाइल WhatsApp पर प्राप्त करते रहें।
📰 SD News Agency के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और ग्रुप से जुड़ जाएं।
👉 WhatsApp Group से जुड़ने के लिए क्लिक करें:
SD News Agency WhatsApp Group से जुड़ें
SD News Agency — खबर वही, जो आपके लिए जरूरी है।
पुलिस के अनुसार शव को सेंटर में रखने के लिए परिवार की ओर से कथित तौर पर हर महीने करीब 1.60 लाख रुपये का भुगतान किया जाता था। परिवार ने पुलिस को मृतक का डेथ सर्टिफिकेट और बीएमसी में जमा किए गए दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं। इन दस्तावेजों की पुलिस जांच कर रही है।
बीएमसी की सीलिंग के बाद भी नहीं चला पता
जानकारी के अनुसार जिस डे केयर सेंटर में शव मिला, वह मालाड के कुरार विलेज स्थित कोंकणीपाड़ा क्षेत्र में है। सूत्रों के मुताबिक करीब तीन महीने पहले बीएमसी ने सेंटर को सील किया था।
पूर्व नगरसेवक विनोद मिश्रा ने सवाल उठाया है कि सेंटर को सील करते समय वहां की पूरी जांच क्यों नहीं की गई। हालांकि, इस संबंध में जांच एजेंसियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
पहले लगा किसी जानवर की मौत हुई होगी
स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार रात से ही इलाके में दुर्गंध महसूस की जा रही थी। शुरुआत में लोगों को आशंका थी कि शायद कोई चूहा या अन्य जानवर मर गया है। सोमवार को दुर्गंध बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस टीम सेंटर पहुंची और जांच के दौरान फ्रीजर में शव मिलने की जानकारी सामने आई।
कूपर अस्पताल के विशेषज्ञों से ली जा रही मदद
कुरार पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए सेंटर संचालक, मृतक के परिजनों, संबंधित अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव को इतने लंबे समय तक किस प्रक्रिया से संरक्षित रखा गया और उसकी वर्तमान स्थिति क्या है, इसे समझने के लिए कूपर अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद ली जा रही है।
पुलिस दस्तावेजों, सेंटर से जुड़े रिकॉर्ड और परिवार द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।



