Friday, October 9

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर प्रदेशभर में वरिष्ठजनों का सम्मान, 100 वर्ष से अधिक आयु वालों को मिलेगा ‘शतायु सम्मान’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत; स्वास्थ्य जांच, डिजिटल प्रशिक्षण और अधिकारों की जानकारी भी दी जाएगी

इंदौर, 30 सितंबर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन को केंद्र में रखते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 1 अक्टूबर को होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वरिष्ठजनों का सम्मान करेंगे। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित होगा, जिसमें 500 से अधिक वरिष्ठजन और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव, ज्ञान और परिश्रम से परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन के लिए संवेदनशील वातावरण तैयार करना आवश्यक है।

100 वर्ष की आयु पूरी करने वालों को ‘शतायु सम्मान’

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर प्रदेश के सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी कर चुके वरिष्ठ नागरिकों को चिन्हित कर उन्हें ‘शतायु सम्मान’ प्रदान किया जाएगा।

📢 SD News Agency से जुड़ें और पाएं हर खबर का अपडेट अपने मोबाइल पर!

देश-दुनिया, राजनीति, समाज, व्यापार, प्रदेश और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने मोबाइल WhatsApp पर प्राप्त करते रहें।

📰 SD News Agency के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और ग्रुप से जुड़ जाएं।

👉 WhatsApp Group से जुड़ने के लिए क्लिक करें:
SD News Agency WhatsApp Group से जुड़ें

SD News Agency — खबर वही, जो आपके लिए जरूरी है।

शतायु वरिष्ठजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर उनके दीर्घ जीवन तथा समाज में योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया जाएगा। इसके साथ ही वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों तथा अन्य वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी भी ली जाएगी।

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण आयुक्त के.जी. तिवारी ने आयोजन को लेकर सभी जिला कलेक्टरों, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा विभागीय संयुक्त एवं उप संचालकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों से बढ़ेगी सहभागिता

वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक रूप से सक्रिय रखने और उनके बीच संवाद का वातावरण बनाने के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें कैरम, लूडो, शतरंज, गीत-संगीत और अन्य इंडोर प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी।

इन गतिविधियों के माध्यम से वरिष्ठजनों को अपने साथियों के साथ समय बिताने और सामुदायिक सहभागिता का अवसर मिलेगा।

स्वास्थ्य जांच शिविरों में मिलेगी जरूरी सुविधाएं

वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रदेशभर में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जिला चिकित्सालयों, सिविल डिस्पेंसरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के समन्वय से आयोजित इन शिविरों में रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र परीक्षण सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

डिजिटल दुनिया से जुड़ने का मिलेगा प्रशिक्षण

डिजिटल सेवाओं के बढ़ते उपयोग को देखते हुए वरिष्ठ नागरिकों के लिए मोबाइल फोन, इंटरनेट, कंप्यूटर और डिजिटल सेवाओं के उपयोग संबंधी प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठजनों को डिजिटल माध्यमों के प्रति सहज बनाना और उन्हें ऑनलाइन उपलब्ध आवश्यक सेवाओं का सुरक्षित एवं सुविधाजनक उपयोग करने में सक्षम बनाना है।

अधिकारों और एल्डरलाइन 14567 की जानकारी

आयोजनों के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम-2007 एवं मध्यप्रदेश नियम-2009 के तहत उपलब्ध अधिकारों, सहायता और शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी।

वरिष्ठजनों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए संचालित एल्डरलाइन हेल्पलाइन 14567 के संबंध में भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर बुजुर्ग इस सहायता व्यवस्था का उपयोग कर सकें।

गरिमा, देखभाल और सामाजिक सहभागिता पर रहेगा जोर

वर्ष 2026 के अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की थीम “गरिमा के साथ वृद्धावस्था: वृद्ध नागरिकों के लिए देखभाल और समर्थन प्रणालियों को मजबूत करने का महत्व” को केंद्र में रखते हुए प्रदेशभर के कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य, अधिकार, देखभाल और सामाजिक सहभागिता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। प्रदेशव्यापी आयोजनों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ उनके सुरक्षित, स्वस्थ और गरिमापूर्ण जीवन के लिए जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।