रिफाइनरी से निकलने वाले टैंकरों से गैस चोरी का मामला; एलपीजी से भरा टैंकर, 64 कमर्शियल सिलेंडर और पिकअप जब्त, दो आरोपी दस्तयाब
बालोतरा, 16 सितंबर | (सद्वार्ता)
बालोतरा पुलिस ने पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रिफाइनरी से विभिन्न डिपो की ओर जाने वाले एलपीजी टैंकरों से गैस चोरी कर अवैध रिफिलिंग करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एलपीजी गैस से भरा टैंकर, 64 कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को दस्तयाब किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा राजेश कुमार कावत आईपीएस ने बताया कि कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह आरपीएस और वृताधिकारी पचपदरा योगेश चौधरी आरपीएस के निकट सुपरविजन में तथा थाना पचपदरा प्रभारी बाबूराम के नेतृत्व में की गई। जिला विशेष टीम (डीएसटी) बालोतरा से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 15 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग-25 स्थित पटाऊ खुर्द क्षेत्र में एक बंद होटल के पीछे सुनसान स्थान पर दबिश दी।
टैंकर से सिलेंडरों में की जा रही थी गैस रिफिलिंग
पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने पर एलपीजी गैस से भरे टैंकर से विशेष नोजल पाइप के माध्यम से कमर्शियल सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरी जा रही थी। मौके पर कानाराम पुत्र माधाराम, निवासी बुधनगर, डांगियावास, जिला जोधपुर को टैंकर चालक की मिलीभगत से गैस चोरी कर सिलेंडरों में भरते हुए पाया गया।
पुलिस ने मौके से टैंकर नंबर UP 17 AT 1056, पिकअप वाहन नंबर RJ 39 GA 7547, 8 गैस से भरे कमर्शियल सिलेंडर तथा 56 खाली कमर्शियल सिलेंडर बरामद किए। इसके अलावा गैस चोरी एवं अवैध रिफिलिंग में इस्तेमाल किए जा रहे पाइप और वजन मशीन भी जब्त की गई।
मौके पर टैंकर चालक बृजेश पुत्र रामनक्षत्र, निवासी खिरसा खाड़, जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश भी इस गतिविधि में संलिप्त पाया गया। पुलिस को देखकर होटल संचालक प्रदीप सहित अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
एक टैंकर से 6 से 8 सिलेंडरों में भरते थे गैस
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के सामने आया कि टैंकर से गैस निकालकर लगभग 6 से 8 कमर्शियल सिलेंडरों में भरी जाती थी और बाद में इन्हें बाजार मूल्य से कम दर पर अवैध रूप से बेचने की तैयारी की जाती थी। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में टैंकर चालकों और अन्य लोगों की भूमिका भी हो सकती है।
सूचना मिलने पर रसद विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। रसद विभाग के अधिकारी भरतसिंह की रिपोर्ट पर थाना पचपदरा में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 एवं 7 तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 303(2), 316(3) और 317(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार एलपीजी गैस चोरी और अवैध रिफिलिंग से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। टैंकर चालकों की भूमिका, गैस की अवैध खरीद-फरोख्त तथा इस कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ और अनुसंधान जारी है। फरार होटल संचालक प्रदीप पुत्र रामकिशोर, निवासी पटाऊ खुर्द की तलाश की जा रही है।
ये आरोपी किए गए दस्तयाब
- कानाराम, पुत्र माधाराम, उम्र 35 वर्ष, निवासी बुधनगर, डांगियावास, जिला जोधपुर।
- बृजेश, पुत्र रामनक्षत्र, उम्र 28 वर्ष, निवासी खिरसा खाड़, जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश, टैंकर चालक।
पुलिस की आमजन से अपील
बालोतरा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि एलपीजी गैस की अवैध रिफिलिंग, परिवहन के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सार्वजनिक सुरक्षा को प्रभावित करने वाली जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने कहा कि अवैध एलपीजी रिफिलिंग गंभीर आर्थिक अपराध होने के साथ-साथ आग और विस्फोट जैसी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकती है।
