नई दिल्ली। (सद्वार्ता) खाने-पीने की चीजों से लेकर पेट्रोल-डीजल तक महंगाई का असर अब हवाई यात्रा पर भी दिखाई देने लगा है। इंडिगो ने घरेलू उड़ानों से जुड़ी कई अतिरिक्त सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है। इनमें इन्फेंट टिकट, अतिरिक्त बैगेज, प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग तथा अकेले यात्रा करने वाले बच्चों की फीस शामिल हैं।
इन्फेंट टिकट के शुल्क में बढ़ोतरी
तीन दिन से लेकर दो साल तक की उम्र के बच्चों के लिए इन्फेंट शुल्क बढ़ाया गया है। ऑनलाइन बुकिंग में यह शुल्क 2,000 रुपये से बढ़ाकर 2,250 रुपये कर दिया गया है। वहीं, एयरपोर्ट काउंटर से बुकिंग कराने पर शुल्क 2,500 रुपये से बढ़कर 3,000 रुपये हो गया है।
इन्फेंट के लिए विमान में अलग सीट नहीं होती और बच्चा माता-पिता की गोद में यात्रा करता है।
अतिरिक्त बैगेज भी हुआ महंगा
एयरलाइन ने अतिरिक्त बैगेज के शुल्क में भी बदलाव किया है। 15 किलो से अधिक अतिरिक्त बैगेज पर प्रति बैगेज शुल्क अब 800 रुपये होगा। इससे पहले यह शुल्क 700 रुपये था।
प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग के चार्ज बढ़े
प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग की फीस भी बढ़ाई गई है। यह शुल्क 450 रुपये से बढ़ाकर 650 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा अकेले यात्रा करने वाले बच्चे के लिए शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है और यह 999 रुपये प्रति टिकट बताया गया है।
ट्रैवल सर्टिफिकेट भी महंगा
इंडिगो ने ट्रैवल सर्टिफिकेट के शुल्क में भी 100 रुपये की बढ़ोतरी की है। यानी यात्रियों को अब इस सेवा के लिए पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा।
एयरलाइन की इन शुल्क बढ़ोतरी का असर खास तौर पर उन यात्रियों पर पड़ सकता है जो अतिरिक्त बैगेज, प्राथमिकता सेवाओं या बच्चों के साथ यात्रा करते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ अन्य एयरलाइंस भी अपनी चुनिंदा सेवाओं के शुल्क में बदलाव की योजना बना रही हैं।
हवाई यात्रा पर महंगाई की मार, इंडिगो ने बढ़ाए कई सर्विस चार्ज; इन्फेंट टिकट से बैगेज तक महंगा
