
इंदौर सहकारी दुग्ध संघ की 43वीं वार्षिक साधारण सभा में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर चर्चा, 400 नई समितियां गठित करने का लक्ष्य
(SDNA) इंदौर, 30 सितंबर 2026। इंदौर सहकारी दुग्ध संघ की 43वीं वार्षिक साधारण सभा बुधवार को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुग्ध संघ के वित्तीय प्रदर्शन, दूध संकलन, समितियों के विस्तार और दुग्ध उत्पादक किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान इंदौर सहकारी दुग्ध संघ ने नौ जिलों में संचालित 1,677 दुग्ध उत्पादक समितियों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 2.92 लाख किलोग्राम दूध का संकलन किया। इस अवधि में संघ का वार्षिक टर्नओवर 717.48 करोड़ रुपये रहा, जबकि संघ ने 1,447.62 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया।
अगले वित्तीय वर्ष में 909.39 करोड़ के कारोबार का लक्ष्य
वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के तहत संघ ने 909.39 करोड़ रुपये का टर्नओवर हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ही दुग्ध सहकारिता के विस्तार के लिए 400 नई दुग्ध सहकारी समितियों के गठन और 242 निष्क्रिय समितियों को पुनर्जीवित करने की योजना बनाई गई है।
📢 SD News Agency से जुड़ें और पाएं हर खबर का अपडेट अपने मोबाइल पर!
देश-दुनिया, राजनीति, समाज, व्यापार, प्रदेश और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने मोबाइल WhatsApp पर प्राप्त करते रहें।
📰 SD News Agency के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और ग्रुप से जुड़ जाएं।
👉 WhatsApp Group से जुड़ने के लिए क्लिक करें:
SD News Agency WhatsApp Group से जुड़ें
SD News Agency — खबर वही, जो आपके लिए जरूरी है।
संघ की योजना के अनुसार आगामी वर्ष में कुल 2,305 दुग्ध सहकारी समितियों के माध्यम से प्रतिदिन 3.25 लाख किलोग्राम दूध संकलन का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विशाल कुमार मिश्रा सहित प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सदस्य तथा संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
दूध के भाव बढ़ाने की मांग प्रमुखता से उठी
वार्षिक साधारण सभा के दौरान दुग्ध उत्पादक समितियों के सदस्यों ने किसानों और समितियों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं एवं मांगें सामने रखीं। इनमें दूध के भाव बढ़ाने की मांग प्रमुख रही।
संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने कहा कि किसानों और दुग्ध उत्पादक समितियों की मांगों के अध्ययन एवं निराकरण के लिए विषय की जानकारी रखने वाले किसानों और समिति सदस्यों को शामिल कर एक समिति गठित की जाएगी। यह समिति फेडरेशन, दुग्ध संघ, बाजार और विपणन से जुड़े विषयों की जानकारी के आधार पर दूध के मूल्य सहित अन्य मांगों पर विचार करेगी।
समय पर सूचना नहीं मिलने और बोनस का मुद्दा भी उठा
बैठक में सदस्यों ने आपत्ति और सुझाव दर्ज कराने के लिए संबंधित सूचनाएं समय पर उपलब्ध नहीं होने की बात भी रखी। सदस्यों का कहना था कि कई प्रस्तावों की जानकारी बैठक से केवल एक-दो दिन पहले मिली। इसके अलावा क्षेत्रीय बैठकों के बंद होने तथा प्रस्ताव पारित होने के बावजूद बोनस नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया।
बोनस के संबंध में संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विशाल कुमार मिश्रा ने बताया कि दुग्ध उत्पादक समितियों और किसानों को बोनस आगामी दो माह के भीतर बैंक खातों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में दुग्ध उत्पादकों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ संघ की आगामी कार्ययोजना को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।



