Saturday, October 10

वाराणसी से वडनगर की सेवा संकल्प यात्रा पहुंची इंदौर, शिप्रा घाट पर हुआ स्वागत

बाइक राइडर्स ने ग्रामीणों से किया संवाद, शिप्रा घाट पर स्वच्छता अभियान; डकाच्या में स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी और कबड्डी खिलाड़ियों को ट्रैक सूट वितरित

(SDNA) इंदौर, 30 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक निकाली जा रही जन सेवा संकल्प यात्रा बुधवार को इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र स्थित शिप्रा तट पहुंची। यहां जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी और श्रवण चावड़ा की मौजूदगी में यात्रा में शामिल बाइक राइडर्स का स्वागत किया गया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रवि वाजपेयी, सरपंच त्रिशिता वाजपेयी, प्रिया मंगरोले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। यात्रा के बाइक राइडर्स ने ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए अब तक के सफर के अनुभव साझा किए।

शिप्रा घाट पर स्वच्छता अभियान

शिप्रा घाट पर मंत्री तुलसीराम सिलावट और सांसद शंकर लालवानी की उपस्थिति में स्वच्छता अभियान चलाया गया। यात्रा में शामिल लोगों और ग्रामीणों ने घाट परिसर में साफ-सफाई की तथा देव दर्शन किए।

📢 SD News Agency से जुड़ें और पाएं हर खबर का अपडेट अपने मोबाइल पर!

देश-दुनिया, राजनीति, समाज, व्यापार, प्रदेश और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने मोबाइल WhatsApp पर प्राप्त करते रहें।

📰 SD News Agency के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और ग्रुप से जुड़ जाएं।

👉 WhatsApp Group से जुड़ने के लिए क्लिक करें:
SD News Agency WhatsApp Group से जुड़ें

SD News Agency — खबर वही, जो आपके लिए जरूरी है।

घाट स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों को सेवा संकल्प बाइक यात्रा के उद्देश्य और गतिविधियों की जानकारी दी गई। सांसद शंकर लालवानी ने सेवा कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की बात कही।

डकाच्या स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

शिप्रा घाट से यात्रा डकाच्या पहुंची, जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बाइक राइडर्स का तुलसी के पौधे भेंट कर स्वागत किया गया। राइडर्स ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और मेडिकल ऑफिसर से क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

इसके बाद डकाच्या स्थित अंतरराष्ट्रीय कबड्डी स्टेडियम में मंत्री सिलावट और सांसद लालवानी ने बाइक राइडर्स के साथ कबड्डी खिलाड़ियों को ट्रैक सूट वितरित किए।

यात्रा में विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने का दावा

सेवा संकल्प यात्रा के प्रमुख शशांक शर्मा ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह अभियान वाराणसी से शुरू होकर विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए गुजरात के वडनगर पहुंचेगा। उनके अनुसार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री आयुष्मान स्वास्थ्य योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि यात्रा दल वाराणसी से गंगा जल लेकर रवाना हुआ है, जिसका वडनगर स्थित शिव मंदिर में अभिषेक किया जाएगा। यात्रा के दौरान जिन जिलों से दल गुजर रहा है, वहां की नदियों का जल भी एकत्र कर कलश में वडनगर ले जाया जा रहा है।

लसुड़िया परमार में ग्रामीणों ने किया स्वागत

डकाच्या के बाद यात्रा लसुड़िया परमार पहुंची, जहां ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर बाइक राइडर्स का स्वागत किया। पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए यात्रा में शामिल युवाओं की ऊर्जा और उत्साह की सराहना की।

सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से वंचित वर्गों तक योजनाओं और सेवाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी ज्योति पटेल ने अपने अनुभव बताते हुए कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ और लसुड़िया परमार क्षेत्र में चूड़ी व्यवसाय से उनकी आमदनी बढ़ी।

खुशी पटेल ने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने स्वरोजगार के लिए ऋण की उपलब्धता को भी अपने अनुभव का हिस्सा बताया।

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मंत्री तुलसीराम सिलावट और श्रवण सिंह चावड़ा ने यात्रा में शामिल बाइक राइडर्स को बैग भेंट किए। इसके बाद बाइकर्स ने ग्रामीणों से संवाद और पौधारोपण किया।

हातोद में रात्रि विश्राम

सेवा संकल्प यात्रा धनखेड़ी, जेतपुरा, धरमपुरी, रिंगनोदिया, बारोली टोल, अलवासा और पालिया होते हुए हातोद पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा में शामिल गजेंद्र सिंह, विकास गुप्ता और अजय यादव सहित अन्य बाइक राइडर्स ने मध्यप्रदेश के स्वागत और आतिथ्य से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। हातोद में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और सफाईकर्मियों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में सरपंच यशवंत डाबी, विश्वजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। यात्रा का रात्रि विश्राम हातोद में निर्धारित किया गया।