
हिंदी पत्रकारिता के सात दिग्गजों की विरासत को समर्पित 18वां संस्करण; जेन-जी, डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर होगी व्यापक चर्चा
(SDNA) इंदौर। पत्रकारिता के बदलते दौर, नई पीढ़ी की भूमिका और मीडिया के भविष्य पर केंद्रित भारतीय पत्रकारिता महोत्सव 2026 का आयोजन 2 से 4 अक्टूबर तक इंदौर में किया जा रहा है। स्टेट प्रेस क्लब, मध्यप्रदेश के इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से 150 से अधिक पत्रकार, संपादक, मीडिया विशेषज्ञ और मीडियाकर्मी हिस्सा लेंगे।
साउथ तुकोगंज स्थित जाल सभागृह में आयोजित होने वाला यह महोत्सव हिंदी पत्रकारिता के सात प्रमुख स्तंभों—राहुल बारपुते, राजेंद्र माथुर, प्रभाष जोशी, माणिकचंद्र वाजपेयी, रमेशचंद्र अग्रवाल, अभय छजलानी और कृष्णकुमार अष्ठाना—की पत्रकारिता परंपरा को समर्पित रहेगा। यह महोत्सव का लगातार 18वां संस्करण है।
जेन-जी से संवाद से होगी शुरुआत
आयोजन के पहले दिन 2 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे उद्घाटन सत्र के बाद ‘सुनो सरकार–जेन-जी से संवाद’ विषय पर चर्चा होगी। इसमें जेन-जी और देश के चर्चित मीडियाकर्मियों के बीच संवाद होगा।
📢 SD News Agency से जुड़ें और पाएं हर खबर का अपडेट अपने मोबाइल पर!
देश-दुनिया, राजनीति, समाज, व्यापार, प्रदेश और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने मोबाइल WhatsApp पर प्राप्त करते रहें।
📰 SD News Agency के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और ग्रुप से जुड़ जाएं।
👉 WhatsApp Group से जुड़ने के लिए क्लिक करें:
SD News Agency WhatsApp Group से जुड़ें
SD News Agency — खबर वही, जो आपके लिए जरूरी है।
दोपहर 3 बजे प्रिंट मीडिया मास्टर क्लास आयोजित की जाएगी, जबकि शाम 5 बजे ‘भाड़े की बुद्धि—वश में या कितने विवश हैं हम’ विषय पर विचार-विमर्श होगा।
महोत्सव के दूसरे दिन 3 अक्टूबर को सुबह ‘राजनीति की दाई—बाई करवट’ विषय पर सत्र होगा। दोपहर में ‘नवयुग का डिजिटल मीडिया’ विषय पर मास्टर क्लास और शाम को ‘अश्वमेघ की दौड़ कहां तक’ विषय पर चर्चा होगी।
समापन दिवस 4 अक्टूबर को सुबह ‘क्लास रूम के बाहर जेन-जी’ विषय पर संवाद होगा। इसके बाद ‘पत्रकारिता के सिद्धहस्त’ विषय पर मास्टर क्लास और शाम को ‘भाषाई और क्षेत्रीय पत्रकारिता का महत्व’ विषय पर समापन सत्र आयोजित किया जाएगा।
वरिष्ठ संपादक देवप्रिय अवस्थी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
महोत्सव में इस वर्ष वरिष्ठ संपादक देवप्रिय अवस्थी को ‘सप्तऋषि लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान साहित्यकार एवं कवि स्वर्गीय नरेश मेहता की स्मृति में स्थापित किया गया है।
स्टेट प्रेस क्लब, मध्यप्रदेश की कोर कमेटी ने 73 वर्षीय श्री अवस्थी को उनके पत्रकारिता योगदान के लिए इस सम्मान के लिए चुना है।
राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पत्रकारिता सम्मान
महोत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पत्रकारों और मीडिया कर्मियों को ‘सप्तऋषि राष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान’ तथा ‘सप्तऋषि राज्य पत्रकारिता सम्मान’ प्रदान किए जाएंगे।
राष्ट्रीय सम्मान के लिए हार्दिक विकास दवे, तेजश्री पुरंदरे, पंकज वानखेड़े, शुभम गौतम, प्रीता उपाध्याय, शिखा शर्मा, वैभव पलनीटकर, विष्णुकांत तिवारी, वाणी मिश्रा, हिमांशी तिवारी और आरजे अनादी तिवारी सहित कई मीडिया कर्मियों के नाम शामिल हैं।
राज्य पत्रकारिता सम्मान के लिए गिरिश उपाध्याय, प्रकाश भटनागर, अनादि टीवी के देशदीप सक्सेना, शरद द्विवेदी, सुधीर दीक्षित, प्रभु पटैरिया, शिफाली, श्रुति तोमर, राजेश शर्मा, शशिकांत त्रिवेदी, भावना शुक्ला और पंकज शुक्ला सहित अन्य पत्रकारों का चयन किया गया है।
कैमरे और कार्टून के जरिए दिखेगा मीडिया का रचनात्मक पक्ष
महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सम्मानित छायाचित्रों और कार्टूनों की विशेष प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इंदौर के 25 ऐसे छायाकारों के 75 पुरस्कृत चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।
इसके साथ ही जेन-जी विषय पर देश के 10 कार्टूनिस्टों द्वारा तैयार किए गए कार्टून भी प्रदर्शित होंगे। आयोजन के दौरान एक कॉफी-टेबल बुक का प्रकाशन भी किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार पत्रकारिता महोत्सव में विद्यार्थी, शोधार्थी और गणमान्य नागरिक भी सहभागिता कर सकेंगे।
देशभर के प्रेस क्लबों के प्रतिनिधि भी जुटेंगे
महोत्सव के अंतिम दिन फेडरेशन ऑफ प्रेस क्लब्स की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक इंदौर में होगी। बैठक में देश के विभिन्न प्रमुख प्रेस क्लबों के अध्यक्ष और महासचिव हिस्सा लेंगे। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार गौतम लाहिड़ी करेंगे।
महोत्सव संयोजक सुदेश तिवारी, स्टेट प्रेस क्लब मध्यप्रदेश के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम निदेशक प्रवीण खारीवाल तथा मुख्य महासचिव नवनीत शुक्ला ने बताया कि देशभर से पत्रकारों के इंदौर पहुंचने का क्रम शुरू हो चुका है। तीन दिनों तक होने वाली चर्चाओं में पत्रकारिता की परंपरा से लेकर डिजिटल युग की चुनौतियों और जेन-जी की बदलती भूमिका तक विभिन्न विषयों पर विमर्श होगा।



