एस.डी. न्यूज़ एजेंसी

SD NEWS AGENCY (SDNA) {A part of LVGC – Luniya Vinayak Group of Compnies)

एस.डी. न्यूज़ एजेंसी

SD NEWS AGENCY (SDNA) {A part of LVGC – Luniya Vinayak Group of Compnies)

Fashion & LIFE STYLE

बारिश की बूंदों जैसी चमक वाली चूड़ियां बनीं नया फैशन ट्रेंड, रेनड्रॉप बैंगल्स से सजाएं कलाई

नई दिल्ली। (सद्वार्ता) भारतीय परिधान में चूड़ियों का अपना खास महत्व है। त्योहार हो, शादी हो या कोई पारिवारिक समारोह—चूड़ियां महिलाओं के देसी लुक को और भी खूबसूरत बना देती हैं। इन दिनों बाजार में कई तरह के नए डिजाइन देखने को मिल रहे हैं। कश्मीरी, मैगी और जेली बैंगल्स के बाद अब रेनड्रॉप बैंगल्स यानी बारिश की बूंदों जैसी चमक वाली चूड़ियां भी महिलाओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
इन चूड़ियों की खासियत इनकी क्रिस्टल जैसी फिनिश, चमकदार शेड्स और स्टोन वर्क है। इन्हें साड़ी, लहंगे, सूट या दूसरे पारंपरिक परिधानों के साथ आसानी से मैच किया जा सकता है।
गोल्डन बैंगल्स के साथ रेड रेनड्रॉप सेट
रेड रेनड्रॉप बैंगल्स का सेट बेहद आकर्षक नजर आता है। इसकी क्रिस्टल जैसी साफ फिनिश और चमक पारंपरिक के साथ-साथ मॉडर्न आउटफिट पर भी खूब जंचती है। त्योहार और खास मौकों के लिए इस तरह का सेट ज्वेलरी कलेक्शन का हिस्सा बनाया जा सकता है।
कुंदन कंगनों के साथ रेनड्रॉप बैंगल्स
कुंदन स्टोन से सजे फ्लोरल डिजाइन वाले कंगनों के साथ रेनड्रॉप बैंगल्स का कॉम्बिनेशन काफी खूबसूरत लगता है। कुंदन की गोल्डन चमक और रेनड्रॉप बैंगल्स की क्रिस्टल फिनिश मिलकर हाथों को हैवी और रिच लुक देती है। शादी या किसी खास समारोह के लिए यह सेट अच्छा विकल्प हो सकता है।
ब्लू और गोल्डन शेड का शानदार कॉम्बिनेशन
ब्लू चूड़ियों के साथ गोल्डन डिटेलिंग वाली रेनड्रॉप बैंगल्स भी काफी सुंदर लगती हैं। छोटी-छोटी सुनहरी डॉट्स और ब्लू-गोल्डन स्टोन वाली चूड़ियों के साथ कमल के फूल वाला कंगन सेट को और आकर्षक बना देता है। यह कॉम्बिनेशन क्लासी और ट्रेडिशनल लुक देता है।
मरून चूड़ियों से मिलेगा रॉयल लुक
जिन महिलाओं को रिच और फेस्टिव लुक पसंद है, उनके लिए मरून कांच की चूड़ियों के साथ रेनड्रॉप बैंगल्स का सेट खास हो सकता है। बारिश की बूंदों जैसी चमक और घुंघरू वाले ब्रॉड कंगन इस कॉम्बिनेशन को रॉयल टच देते हैं। इसे साड़ी या लहंगे के रंग के अनुसार कस्टमाइज भी किया जा सकता है।
कश्मीरी बैंगल्स के साथ मल्टीकलर अंदाज
कश्मीरी घुंघरू वाली बैंगल्स के साथ मल्टीकलर रेनड्रॉप चूड़ियों का कॉम्बिनेशन भी ट्रेंड में है। अलग-अलग रंगों की चमकदार चूड़ियां कलाई को आकर्षक बनाती हैं और पारंपरिक ड्रेस के साथ बेहद खूबसूरत नजर आती हैं।
सॉफ्ट और एलिगेंट लुक के लिए
अगर आपको बहुत ज्यादा रंग-बिरंगी चूड़ियां पसंद नहीं हैं, तो आउटफिट से मैचिंग या कंट्रास्ट रंग की प्लेन बैंगल्स के साथ रेनड्रॉप चूड़ियां पहन सकती हैं। गोल्डन घुंघरू वाली दो या चार चूड़ियों को इसमें शामिल करने से कलाई को सॉफ्ट और एलिगेंट लुक मिलता है।
सॉफ्ट शेड्स वाली चूड़ियां भी पसंद की जा रहीं
हल्के और सॉफ्ट रंग पसंद करने वाली महिलाओं के लिए पेस्टल और सॉफ्ट शेड्स वाली रेनड्रॉप बैंगल्स भी अच्छा विकल्प हैं। इन पर बने छोटे-छोटे सुनहरे डॉट्स इन्हें रिच और फेस्टिव लुक देते हैं। इन्हें सूट, साड़ी या लहंगे के साथ आसानी से पेयर किया जा सकता है।
फैशन का नया अंदाज
रेनड्रॉप बैंगल्स की खासियत यह है कि इन्हें अपनी पसंद और आउटफिट के हिसाब से अलग-अलग चूड़ियों और कंगनों के साथ मिलाकर पहना जा सकता है। यही वजह है कि पारंपरिक चूड़ियों के बीच इनका नया और चमकदार अंदाज महिलाओं को आकर्षित कर रहा है।